✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। दर्री क्षेत्र के कलमीदुग्गू के पास हसदेव नदी में नहाने गए चार दोस्तों में से एक युवक तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को चार दोस्त कलमीदुग्गू के पास हसदेव नदी में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान नहाते समय नौशाद अंसारी अचानक गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गया और बहने लगा। साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन नदी का बहाव तेज होने के कारण वे उसे बाहर नहीं निकाल सके।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और युवक की तलाश शुरू कर दी गई। बताया जा रहा है कि लापता युवक का नाम नौशाद अंसारी (पिता कलामुद्दीन) है।
सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और लोगों की मदद से नदी में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। खबर लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका है और उसकी तलाश जारी है। घटना के बाद परिजनों में चिंता और मातम का माहौल बना हुआ है।






