
सुशील जायसवाल
कोरबी चोटिया (कोरबा)। सामुदायिक पुलिसिंग के तहत पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने की दिशा में कोरबी चौकी द्वारा सराहनीय पहल की गई। मंगलवार, 17 मार्च को चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी के नेतृत्व में स्थानीय स्कूली बच्चों को पुलिस चौकी का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया, जहां उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली और कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
जानकारी के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चलाए जा रहे “सजग कोरबा” अभियान के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। शासकीय हाई स्कूल कोरबी के छात्र-छात्राओं ने इस दौरान चौकी परिसर का भ्रमण कर पुलिस के दैनिक कार्यों को नजदीक से समझा।
चौकी प्रभारी जोगी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि पुलिस का कार्य केवल अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में शांति, सुरक्षा और विश्वास बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने बच्चों को कानून का सम्मान
, अनुशासन का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों से विभिन्न सवाल भी पूछे, जिनका उन्हें सरल और व्यावहारिक तरीके से जवाब दिया गया। शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को व्यवहारिक ज्ञान मिलता है और वे समाज की व्यवस्था को बेहतर ढंग से समझ पाते हैं।
इस पहल से बच्चों के मन में पुलिस के प्रति सम्मान और विश्वास और अधिक मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।






