समय-सीमा में पूरा करें स्वास्थ्य भवन निर्माण, देरी पर होगी कार्रवाई: कलेक्टर कुणाल दुदावत

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा, 28 मार्च 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिला खनिज न्यास (DMF) के तहत स्वीकृत स्वास्थ्य विभाग के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने करीब 30 निर्माणाधीन स्वास्थ्य भवनों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पाया कि कई स्थानों पर कार्य में अनावश्यक देरी हो रही है, जिस पर नाराजगी जताते हुए ठेकेदारों को अतिरिक्त मजदूर लगाकर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर दुदावत ने स्पष्ट कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ये भवन बनाए जा रहे हैं, इसलिए समय पर कार्य पूरा होना बेहद जरूरी है। उन्होंने बारिश से पहले सभी निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में पीडब्ल्यूडी के ईई जी.आर. जांगड़े, एसडीओ और सब-इंजीनियर मौजूद रहे। कलेक्टर ने ठेकेदारों से कहा कि बिल भुगतान या अन्य किसी समस्या की जानकारी तुरंत दें, ताकि उसका समाधान शीघ्र किया जा सके।

उन्होंने सभी स्वास्थ्य केंद्रों में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बोरिंग और टाइल्स लगाने को अनिवार्य बताया। साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लालपुर, माचाडोली, अमलीकुंडा, सेमरा और चाकाबुड़ा समेत अन्य निर्माण कार्यों की समीक्षा कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

इसके अलावा चिर्रा–श्यांग मार्ग निर्माण कार्य की भी समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने तय समय-सीमा में इसे पूरा करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर की चेतावनी:

समय-सीमा के बाद भी कार्य अधूरा रहने पर संबंधित ठेकेदारों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।