
✍️ भागीरथी यादव
जांजगीर-चांपा। जिले में रेत के अवैध कारोबार ने एक और जान ले ली। कनकी के पास केराकछार से रेत लोड कर चांपा की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार हाइवा हाइटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक में करंट दौड़ गया और चालक अरविंद यादव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाइवा जैसे ही आगे बढ़ा, ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से संपर्क में आ गया। देखते ही देखते वाहन में करंट फैल गया और चालक झुलस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
बताया जा रहा है कि हाइवा में अवैध रूप से रेत भरी हुई थी। हादसे के बाद इलाके में सक्रिय रेत तस्करों के बीच भी हड़कंप मच गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही और अवैध परिवहन की आशंका जताई जा रही है।
यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर जिले में रेत तस्करी के खतरनाक नेटवर्क और उस पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
