
सुशील जायसवाल
मरवाही/कटघोरा/पसान | 03 अप्रैल
मरवाही वन मंडल अंतर्गत ग्राम पंचायत पोंडी के डडिंया गांव से लगे जंगल में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। महुआ बीनने गए 55 वर्षीय वृद्ध पर जंगली हाथी ने हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान त्रिलोचन सिंह (पिता अंगद सिंह) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 4 बजे त्रिलोचन सिंह अकेले जंगल में महुआ संग्रहण के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान जंगल में मौजूद एक अकेले दो दांत वाले नर हाथी ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमले में वृद्ध की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि यह हाथी पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में लगातार विचरण कर रहा है। 1 अप्रैल को यह कटघोरा वन मंडल के पसान वन परिक्षेत्र से होते हुए 2 अप्रैल को मरवाही वन मंडल के गुल्लीडांड बीट के मालाकोट क्षेत्र पहुंचा। इसके बाद कुम्हारी रोड पार करते हुए सोन नदी बांध के पास से घुसरिया, पथर्री और घिनौची मुरूम खदान के पीछे होते हुए शुक्रवार सुबह डडिंया के जंगल में पहुंचा, जहां यह घटना हुई।
फिलहाल हाथी डडिंया के शिवनी बीट के कक्ष क्रमांक 2093 के जंगल में डेरा डाले हुए है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी, शिवनी बीट के वनरक्षक शाहिद खान, ग्राम पंचायत पोंडी के सरपंच हेमचंद मरावी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए हैं। वहीं, मरवाही थाना को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।
यह क्षेत्र मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी क्षेत्र की सीमा से महज 4-5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जिससे हाथी का आवागमन लगातार बना हुआ है। जानकारी के मुताबिक, उक्त हाथी पहले अपने तीन साथियों के साथ क्षेत्र में विचरण कर चुका है और अब पुनः उनकी तलाश में लौट आया है।
वन विभाग ने घटना के बाद ग्रामीणों को सख्त हिदायत दी है कि वे दिन और रात के समय जंगल में महुआ बीनने, लकड़ी काटने या अन्य किसी कार्य के लिए न जाएं। साथ ही सतर्क रहने और समूह में ही आवाजाही करने की अपील की गई है।
