
बलरामपुर। वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस अभियान में कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से तेंदुए की 2 खाल बरामद की गई है।
जानकारी के मुताबिक, वन अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी के तहत वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो, मध्य क्षेत्र भोपाल, राज्य उड़नदस्ता रायपुर और वनमंडल बलरामपुर की संयुक्त टीम ने 2 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।
टीम ने थाना बसंतपुर क्षेत्र के ग्राम जमई मोड़ के पास मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोका। तलाशी लेने पर उनके पास से तेंदुए की एक खाल बरामद हुई। कड़ी पूछताछ के बाद अन्य आरोपियों का सुराग मिला, जिन्हें पकड़कर उनके पास से एक और खाल जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपी झारखंड, उत्तरप्रदेश और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं, जो लंबे समय से अंतरराज्यीय स्तर पर वन्यजीव तस्करी में सक्रिय थे।
वन विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है।
