
बिलासपुर, छत्तीसगढ़। महिलाओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण और उन्हें न्याय तक सहज पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा 29 अप्रैल 2026 को बिलासपुर में विशेष महिला जनसुनवाई का आयोजन किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विजय रहाटकर करेंगी।
कार्यक्रम के तहत दिनभर विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित होंगी, जिनमें महिला सुरक्षा, शिकायतों के समाधान और सशक्तिकरण योजनाओं की समीक्षा प्रमुख रूप से शामिल है।
सुबह 10:00 बजे “She Serves” विषय पर सत्र का आयोजन स्व. लखीराम ऑडिटोरियम, कंपनी गार्डन के पास किया जाएगा। इसमें महिलाओं से जुड़े मामलों की निगरानी, त्वरित शिकायत निवारण तथा सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा होगी।
इसके बाद सुबह 11:30 बजे कलेक्ट्रेट स्थित मंथन मीटिंग हॉल में समीक्षा बैठक आयोजित होगी, जिसमें जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
दोपहर 1:00 बजे से जल संसाधन विभाग परिसर के प्रार्थना सभा कक्ष में मुख्य महिला जनसुनवाई आयोजित होगी, जहां महिलाएं घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, साइबर अपराध, पारिवारिक विवाद सहित विभिन्न समस्याएं सीधे आयोग के समक्ष रख सकेंगी।
शाम 3:00 बजे “Yashoda AI” विषय पर विशेष चर्चा का आयोजन होगा, जिसमें एनआरएलएम से जुड़ी महिला स्व-सहायता समूहों और लगभग 200 महिला उद्यमियों की सहभागिता रहेगी।
महत्वपूर्ण बात यह है कि इस जनसुनवाई के लिए पूर्व पंजीयन आवश्यक नहीं है। पीड़ित महिलाएं आवश्यक दस्तावेजों के साथ सीधे उपस्थित होकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं। मौके पर ही शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग ने बिलासपुर संभाग की अधिक से अधिक महिलाओं से इस अवसर का लाभ उठाने और अपनी समस्याओं के समाधान हेतु कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है।
यह पहल न केवल महिलाओं को न्याय दिलाने की दिशा में एक सशक्त कदम है, बल्कि प्रशासनिक जवाबदेही को भी सुनिश्चित करेगी।
