
✍️ भागीरथी यादव
कोरबा, 27 अप्रैल 2026। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम एक बार फिर आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच बना। जिले के शहरी और दूरस्थ क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने प्रत्येक आवेदक से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को समयबद्ध व पारदर्शी निराकरण के स्पष्ट निर्देश दिए। कार्यक्रम में कुल 96 आवेदन प्राप्त हुए।
जनदर्शन में कई अहम मुद्दे सामने आए। ग्राम कोथारी के विजेन्द्र पाटले ने सूदखोरी के मामलों में कार्रवाई नहीं होने और उरगा पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। वहीं रौनाढाप के बंशीलाल ने आरबीसी 6-4 के तहत आर्थिक सहायता की मांग की। कटघोरा क्षेत्र की नीलम सोनी (स्व-सहायता समूह) ने गढ़कलेवा में स्थायी शेड निर्माण की आवश्यकता बताई।
ग्राम सतरेंगा की सरपंच बंधन बाई ने छातासरई से खोखराआमा तक सड़क निर्माण की धीमी गति पर नाराजगी जताई। बांधाखार की सुनंदा पटेल ने फसल सर्वेक्षण भुगतान लंबित होने की शिकायत की। कुरूडीह के शांतिलाल और नेवसा की खीक बाई ने सीमांकन से जुड़े मामले उठाए, जबकि सुतर्रा के चंदन सिंह ने पटवारी द्वारा गलत सीमांकन का आरोप लगाया।
इसके अलावा पोलमी के खिलावन डिक्सेना ने बिजली विभाग की उड़नदस्ता टीम पर अवैध वसूली का आरोप लगाया। कोराई-सतरेंगा के बालीराम ने वन अधिकार पट्टा की जमीन हड़पने की शिकायत की, जबकि चचिया के फूलसिंह ने भारतमाला सड़क परियोजना से प्रभावित क्षेत्र में मुआवजे की मांग रखी।
कलेक्टर दुदावत ने सभी मामलों की गंभीरता से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आम नागरिकों को समय पर और न्यायसंगत समाधान उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल व ओंकार यादव, डिप्टी कलेक्टर तुलाराम भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
