12वीं हिंदी पेपर लीक का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, छात्रों से वसूलता था 3000 रुपये

Oplus_16908288

✍️ भागीरथी यादव

 

 

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ बोर्ड की 12वीं हिंदी परीक्षा के पेपर लीक मामले में रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी वेणु जंघेल को रायपुर क्राइम ब्रांच और कोतवाली थाना पुलिस ने बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी छात्रों से पैसे लेकर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराता था और गिरफ्तारी से बचने के लिए डिजिटल साक्ष्य मिटाने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी करीब 3000 रुपये लेकर छात्रों तक पेपर पहुंचाता था। मामले की जांच के दौरान साइबर तकनीक की मदद से डिलीटेड चैट, सोशल मीडिया एक्टिविटी और डिजिटल ट्रांजैक्शन खंगाले गए। अधिक छात्रों और अन्य लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंची।

पुलिस ने आरोपी को चार दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ की, जिसमें पेपर लीक नेटवर्क और अन्य लोगों की संलिप्तता से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आए हैं। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।