✍️ भागीरथी यादव
NDPS मामलों की समीक्षा, न्यायालयीन वारंटों की समयबद्ध तामीली और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शिकायतों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर
समाचार:
बिलासपुर। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रेंज के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों की समीक्षा बैठक लेकर कानून-व्यवस्था और लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विशेष रूप से NDPS (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस) एक्ट के लंबित प्रकरणों, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, न्यायालयीन समंस-वारंटों की तामीली तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निराकरण पर कड़े निर्देश दिए गए।

आईजी गर्ग ने स्पष्ट किया कि जिन मामलों में आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं हुए हैं, उनके लिए प्रत्येक जिले में अलग कार्ययोजना तैयार की जाए। फरार आरोपियों के विरुद्ध वारंट जारी कर उनकी प्रभावी तामीली सुनिश्चित करने तथा लगातार कार्रवाई जारी रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अंतर्राज्यीय समन्वय बढ़ाने, NCB और ANTF के साथ सूचनाओं का आदान-प्रदान करने, फरार आरोपियों के बैंक खाते, पैन कार्ड, आधार और मोबाइल सहित तकनीकी एवं वित्तीय जानकारी जुटाकर कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। साथ ही NATGRID के माध्यम से इनपुट लेकर विशेष पुलिस टीमों को सक्रिय करने तथा गिरफ्तार सह-आरोपियों से पूछताछ कर फरार आरोपियों तक पहुंचने के निर्देश दिए गए।
आईजी ने न्यायालयों द्वारा जारी समंस और वारंटों की तामीली में लापरवाही पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि गंभीर मामलों में गवाहों, डॉक्टरों और पुलिस अधिकारियों की समय पर न्यायालय में उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित थाना प्रभारी और नोडल अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए आईजी ने सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए कि निर्धारित समय सीमा के भीतर शिकायतों का निराकरण अनिवार्य रूप से किया जाए। समय पर कार्रवाई नहीं करने वाले थाना प्रभारियों के विरुद्ध शो कॉज नोटिस जारी कर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक के समापन पर आईजी रामगोपाल गर्ग ने सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देशों की नियमित मॉनिटरिंग करने, कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने, सराफा बाजारों एवं पिकेट पॉइंट्स पर सतत जांच अभियान जारी रखने तथा अगले माह NDPS मामलों की पुनः समीक्षा के लिए तैयार रहने को कहा।
समीक्षा बैठक में बिलासपुर, रायगढ़, मुंगेली, कोरबा, जांजगीर-चांपा, सक्ती, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सारंगढ़-बिलाईगढ़ सहित रेंज के सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, ANTF प्रभारी, समंस-वारंट शाखा तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
