रायपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, पानी टैंकर की चपेट में आने से 15 वर्षीय बच्चे की मौत

Oplus_16908288

✍️ भागीरथी यादव

 

 

मिली जानकारी के अनुसार रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र स्थित सड्डू स्कूल के पास मंगलवार 26 मई को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार पानी टैंकर की चपेट में आने से 15 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है।

बताया जा रहा है कि बच्चा स्कूल बैग टांगे सड़क किनारे पैदल जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार पानी टैंकर वहां से गुजरा और बच्चे को कुचलते हुए आगे बढ़ गया। CCTV वीडियो में हादसे के बाद बच्चा कुछ सेकेंड के लिए उठकर खड़ा होता दिखाई दे रहा है, लेकिन गंभीर चोट लगने के कारण वह दोबारा गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे, लेकिन तब तक बच्चे ने दम तोड़ दिया था। घटना के बाद टैंकर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच कर रही है। फुटेज में हादसे से ठीक पहले एक बाइक सवार भी नजर आया है। आशंका जताई जा रही है कि बाइक की गतिविधि के कारण बच्चा अचानक टैंकर के सामने आ गया हो। पुलिस को यह भी पता चला है कि हादसे के बाद सबसे पहले वही अज्ञात बाइक सवार मौके पर पहुंचा था। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है।

मृतक बच्चा सड्डू के एलआईजी सेक्टर-1 इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस फरार टैंकर और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।