शीतला मंदिर चोरी पर धमतरी पुलिस का बड़ा एक्शन, एसपी ने ली हाई लेवल मीटिंग, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश

✍️ भागीरथी यादव

 

 

धमतरी। जिले के कुरुद और भखारा क्षेत्र स्थित शीतला मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए धमतरी पुलिस ने बड़ा एक्शन शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक धमतरी ने मंगलवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक लेकर सभी थाना और चौकी प्रभारियों को सख्त निर्देश जारी किए। बैठक में मंदिर चोरी के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संदिग्धों पर लगातार निगरानी रखने पर विशेष जोर दिया गया।

एसपी धमतरी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के मंदिरों एवं अन्य धार्मिक स्थलों में नियमित और प्रभावी पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए। रात्रि गश्त को और अधिक सक्रिय बनाया जाए तथा संदिग्ध व्यक्तियों और निगरानी बदमाशों की लगातार चेकिंग की जाए। साथ ही पूर्व में चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों की गतिविधियों पर सतत नजर रखने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में यह भी तय किया गया कि निगरानी बदमाशों का सत्यापन कर जिनके फिंगर प्रिंट पूर्व में नहीं लिए गए हैं, उनके फिंगर प्रिंट नियमानुसार लिए जाएंगे। पुलिस अधीक्षक ने मंदिर समितियों, पुजारियों, स्थानीय नागरिकों और ग्राम कोटवारों के साथ समन्वय बढ़ाकर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।

संवेदनशील मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों में लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच कराने तथा जरूरत वाले स्थानों पर अतिरिक्त कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए। आम लोगों से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।

एसपी धमतरी ने साइबर टीम और एफएसएल टीम को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज करने के निर्देश दिए। संदिग्ध मोबाइल नंबरों और गतिविधियों का विश्लेषण कर पुराने चोरी के मामलों में शामिल अपराधियों की जानकारी खंगालने को कहा गया। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर सीमावर्ती क्षेत्रों और संदिग्ध आवाजाही वाले स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी जारी किए गए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सीएसपी, डीएसपी साइबर, एफएसएल अधिकारी सहित जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी प्रभारी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा आमजन में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बनाए रखा जाए।