त्रि-स्तरीय पंचायत उप निर्वाचन-2026 को लेकर अलर्ट मोड पर धमतरी पुलिस, एसपी ने दिए सख्त निर्देश

✍️ भागीरथी यादव

 

 

निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त मतदान के लिए जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत, संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी पैनी नजर

धमतरी। आगामी त्रि-स्तरीय पंचायत उप निर्वाचन-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए धमतरी पुलिस पूरी तरह तैयारी मोड पर आ गई है। पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए वारंट तामिली, अवैध शराब, अवैध हथियार, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच को लेकर विशेष अभियान शुरू किया गया है।

शुक्रवार को पुलिस लाइन रूद्री में एसपी सूरज सिंह परिहार ने जिले के राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की विशेष ब्रीफिंग ली। इस दौरान उन्होंने चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एसपी परिहार ने बताया कि जिले में 1 जून 2026 को मतदान और 4 जून 2026 को मतगणना होगी। थाना अर्जुनी, कुरूद, भखारा एवं चौकी करेली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बिरेतरा, लीलर, बागोडर, कुहकुहा, गोबरा, सिवनीकला, सेमरा बी, चर्रा और मोतिमपुर सहित कुल 10 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जाएगा।

उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को मतदान केंद्रों की सुरक्षा, लगातार पेट्रोलिंग, आसूचना संकलन और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।

अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर कसेगा शिकंजा

चुनाव को देखते हुए पुलिस द्वारा लंबित स्थायी वारंट और गिरफ्तारी वारंट की तामिली तेज की जाएगी। आदतन अपराधियों, फरार आरोपियों और चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ प्राथमिकता से कार्रवाई होगी।

जमानत व मुचलके पर रिहा अपराधियों की गतिविधियों पर भी पुलिस लगातार नजर रखेगी। संदिग्ध गतिविधि मिलने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अवैध शराब, हथियार और सट्टे पर विशेष निगरानी

निर्वाचन अवधि में अवैध शराब बिक्री, जुआ-सट्टा, ऑनलाइन सट्टा और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश और जांच कार्रवाई की जा रही है।

जिले की अंतरजिला एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में चेक पोस्ट सक्रिय कर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग भी बढ़ा दी गई है।

एसपी सूरज सिंह परिहार ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अवैध शराब, हथियार या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी, उप पुलिस अधीक्षक भानूप्रताप चंद्राकर, एसडीओपी नगरी विपिन रंगारी, डीएसपी एसजेपीयू यशकरण दीप ध्रुव, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।