✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में चौकी सीएसईबी रामपुर पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर 22 लाख रुपये कीमत की चोरी गई यात्री बस बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार, 3 जून 2026 को एक बस संचालक ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी यात्री बस क्रमांक CG-10-G-1601 कोरबा के नए बस स्टैंड से चोरी हो गई है। बस की अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई गई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान बस के कंडक्टर की सतर्कता अहम साबित हुई। कंडक्टर ने चोरी हुई बस और आरोपी की पहचान कर उसे कोहड़िया के पास पकड़ लिया तथा तत्काल चौकी सीएसईबी रामपुर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में आरोपी मनजीत सिंह टोप्पो (31 वर्ष), निवासी बंधियापारा सिल्ली, थाना पाली, जिला कोरबा ने बस चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई बस को सुरक्षित बरामद कर जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
कोरबा पुलिस ने कहा कि आम जनता के सहयोग और पुलिस की सतर्कता से अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा जा सके।
