छत्तीसगढ़ राज्य वनोपज सहकारी संघ के अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त रुपसाय सलाम का कटघोरा में भव्य स्वागत, लघु वनोपज समितियों के विकास पर हुई महत्वपूर्ण चर्चा

सुशील जायसवाल
कोरबा/कटघोरा।

छत्तीसगढ़ राज्य वनोपज सहकारी संघ के अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त श्री रुपसाय सलाम के कटघोरा आगमन पर क्षेत्र के लघु वनोपज संघ के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने उनका आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया। कटघोरा स्थित कसनियां फॉरेस्ट रेस्ट हाउस में आयोजित सौजन्य भेंट कार्यक्रम के दौरान पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया तथा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं वनोपज से जुड़े मुद्दों से अवगत कराया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं समिति पदाधिकारियों ने राज्य सरकार द्वारा वन आश्रित परिवारों, संग्रहणकर्ताओं एवं ग्रामीणों के हित में संचालित योजनाओं की सराहना करते हुए क्षेत्र में लघु वनोपज गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस अवसर पर वनोपज संग्रहण, विपणन व्यवस्था, संग्रहणकर्ताओं को मिलने वाले लाभ तथा समितियों की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

पदाधिकारियों ने विशेष रूप से क्षेत्र की कई लघु वनोपज सहकारी समितियों के जर्जर एवं मरम्मत योग्य भवनों का मुद्दा उठाते हुए अध्यक्ष श्री सलाम का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि कई समितियों के भवन वर्षों पुराने हो चुके हैं, जिनकी स्थिति काफी खराब है। भवनों की मरम्मत एवं आवश्यक सुविधाओं के अभाव में समिति संचालन और वनोपज संग्रहण कार्य प्रभावित हो रहा है। इस पर अध्यक्ष श्री सलाम ने पदाधिकारियों की बातों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विषयों पर आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।

बैठक में यह भी चर्चा की गई कि लघु वनोपज ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है और इससे हजारों वनवासी एवं ग्रामीण परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है। ऐसे में समितियों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, संग्रहणकर्ताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा वनोपज के उचित मूल्य सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र के वन आश्रित परिवारों के हितों को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग की।

कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष श्री रुपसाय सलाम ने कहा कि राज्य सरकार एवं वनोपज सहकारी संघ ग्रामीणों और वन संग्रहणकर्ताओं के हितों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लघु वनोपज समितियों को मजबूत बनाने तथा ग्रामीणों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

इस अवसर पर राज्य लघु वनोपज संघ प्रतिनिधि एवं जनपद सदस्य वेद प्रताप सिंह, सिरमिना मंडल अध्यक्ष सोहन कोराम, जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के जनपद सदस्य भारत सिंह सिदार, संतोष कुमार मरावी, श्रीमती कुंती केराम सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने अध्यक्ष श्री सलाम के आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए क्षेत्र के विकास एवं वनोपज समितियों के सुदृढ़ीकरण की अपेक्षा जताई।

कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जहां जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विकास एवं वनोपज संग्रहणकर्ताओं के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। इससे क्षेत्र में लघु वनोपज गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है।