घोसरा में शिक्षा को मिली नई उड़ान : नव-निर्मित प्राथमिक शाला भवन का हुआ भव्य शुभारंभ

 

 

जिला पंचायत सदस्य विद्वान सिंह मरकाम ने फीता काटकर किया उद्घाटन, ग्रामीणों ने जताई खुशी

 

सुशील जायसवाल

 

पोड़ी उपरोड़ा (घोसरा)।

जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र तथा पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत घोसरा में बुधवार 17 जून को शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई। ग्राम के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निर्मित नवीन प्राथमिक शाला भवन का विधिवत शुभारंभ क्षेत्रीय जिला पंचायत सदस्य एवं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिला अध्यक्ष विद्वान सिंह मरकाम के करकमलों द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत घोसरा की सरपंच श्रीमती शाम बाई बिंझवार ने की, जबकि उपसरपंच सुंदर लाल आयम एवं ग्राम सचिव लक्ष्मण सिंह आयम विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनपद सदस्य भारत सिंह सिदार, अंजू देवी, कौशल्या आयम सहित पंचायत प्रतिनिधियों और पंचगणों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कर कार्यक्रम को सफल बनाया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि विद्वान सिंह मरकाम ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र के विकास की नींव शिक्षा होती है। ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए आधारभूत सुविधाओं का विकास अत्यंत आवश्यक है। नवीन भवन के निर्माण से विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधायुक्त वातावरण मिलेगा, जिससे उनकी पढ़ाई में और अधिक सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और इसके लिए जनप्रतिनिधियों तथा ग्रामीणों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है।

 

उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन का पालन करने तथा जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। साथ ही शिक्षकों से भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का आग्रह किया।

 

कार्यक्रम के दौरान सरपंच श्रीमती शाम बाई बिंझवार ने कहा कि ग्राम पंचायत द्वारा लगातार शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। नवीन विद्यालय भवन ग्राम के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने भवन निर्माण में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उपस्थित विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने नए भवन के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब बच्चों को बेहतर वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। लंबे समय से नए भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसके पूर्ण होने से ग्रामवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हुई है।

 

कार्यक्रम में सरपंच प्रतिनिधि मनोहर सिंह बिंझवार, सुरेश आयम, ग्राम पंचायत सिमगा की सरपंच श्रीमती गायत्री आयम, प्रतिनिधि सोनसाय आयम, सचिव अमृतलाल आयम, ईश्वर सिंह बिंझवार सहित संकुल केंद्र सिमगा के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

 

नवीन प्राथमिक शाला भवन के शुभारंभ के साथ ही घोसरा ग्राम में शिक्षा के बेहतर भविष्य की नई उम्मीद जगी है। ग्रामीणों का मानना है कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह भवन न केवल बच्चों को बेहतर शिक्षण वातावरण प्रदान करेगा, बल्कि शिक्षा के प्रति जागरूकता और रुचि बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।