✍️ भागीरथी यादव
धमतरी। जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए धमतरी पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस पेट्रोलिंग टीम शहर में भ्रमण कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि हनुमंत नगर जाने वाले मार्ग स्थित पुल के पास एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस ने देखा कि आरोपी सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराते हुए लोगों में भय का माहौल बना रहा था, जिससे राहगीर घबराकर इधर-उधर हट रहे थे। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक लोहे का धारदार चाकू बरामद किया गया। पूछताछ में वह हथियार रखने का कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 146/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपी
ओंकार उर्फ रवि रजक (25 वर्ष)
पिता – अर्जुन रजक
निवासी – रामसागर पारा, धोबी चौक, धमतरी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के चार मामलों सहित गाली-गलौज, धमकी, मारपीट और चोट पहुंचाने जैसे कुल सात मामले पहले से दर्ज हैं।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन कर शांति भंग करने और आम नागरिकों में भय का वातावरण पैदा करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
