✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बुधवार को जिले के परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा, निगरानी व्यवस्था तथा परीक्षार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं एसपी ने सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया, पेयजल, शौचालय, निर्बाध विद्युत आपूर्ति सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच की। उन्होंने परीक्षा की गोपनीयता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने अधिकारियों को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अभ्यर्थियों के लिए सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही परीक्षा केंद्रों के भीतर और बाहर किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अनाधिकृत प्रवेश पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सतत निगरानी एवं प्रभावी सुरक्षा प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम कोरबा सरोज महिलांगे, तहसीलदार, विभिन्न परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्ष एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि नीट-यूजी पुनर्परीक्षा का आयोजन 21 जून 2026 (रविवार) को किया जाएगा। जिले में परीक्षा के लिए चार केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें शासकीय ई.वी. पीजी कॉलेज कोरबा, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 04 कोरबा, केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 02 एनटीपीसी कोरबा तथा ईएमआरएस छुरीकला शामिल हैं। परीक्षा में जिले के कुल 1765 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।
लोकसदन समाचार | कोरबा
