✍️ भागीरथी यादव
धमतरी। महिला एवं बाल अपराधों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए धमतरी पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता को सकुशल बरामद किया और आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया।

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में थाना सिहावा पुलिस को नाबालिग बालिका के लापता होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ खोजबीन शुरू की। लगातार प्रयासों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पीड़िता को सुरक्षित बरामद कर लिया।
विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों, पीड़िता के बयान और चिकित्सकीय परीक्षण के आधार पर राकेश डहरिया (33 वर्ष), निवासी ग्राम कौन्दकेरा, थाना राजिम, जिला गरियाबंद को आरोपी पाया गया। थाना सिहावा में उसके विरुद्ध अपराध क्रमांक 46/2026 के तहत धारा 137(2), 87 एवं 64(1) बीएनएस तथा धारा 4 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी आरोपी की निशानदेही पर बरामद कर जब्त कर ली गई है। मामले में पीड़िता का न्यायालयीन बयान, एफएसएल परीक्षण एवं अन्य वैधानिक प्रक्रियाएं जारी हैं।
महिला एवं बाल अपराधों पर धमतरी पुलिस की सख्ती
धमतरी पुलिस ने बताया कि महिला एवं बाल अपराधों के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत लगातार कठोर कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2026 में अब तक पॉक्सो एक्ट के 10 गंभीर मामलों में उत्कृष्ट विवेचना, मजबूत साक्ष्य संकलन और प्रभावी पैरवी के चलते आरोपियों को न्यायालय से 20-20 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा दिलाई जा चुकी है।
पुलिस का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा और संरक्षण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
