✍️ भागीरथी यादव
रतनपुर, बिलासपुर। रतनपुर पुलिस ने अपहरण कर फिरौती मांगने के सनसनीखेज मामले में मुख्य आरोपी इशान सारथी (18) और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में अन्य आरोपियों सोम रजक, निखिल रजक उर्फ एलियन और यश की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 24 जून 2026 को भेलवापारा-कलमीटार निवासी घनश्याम पाटले ने थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि इशान सारथी अपने साथियों के साथ उसे घर से बहाने से बाहर बुलाकर चाकू की नोक पर जबरन मोटरसाइकिल से कोरबाभांवर जंगल ले गया।

वहां आरोपियों ने पीड़ित के सामने कागज पर गांजा फैलाकर उसकी फोटो खींची और धमकी देते हुए उसके मोबाइल से घरवालों को फोन कर यह कहलवाया कि वह गांजा मामले में पाली थाना में पकड़ा गया है तथा मामला खत्म कराने के लिए 50 हजार रुपये की व्यवस्था करें।
आरोपियों ने पहले परिजनों को महामाया मंदिर बाईपास स्थित बादल महल के पास और बाद में रतनपुर हेलीपैड के समीप रकम लेकर बुलाया। इस दौरान परिजनों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन इशान सारथी और एक नाबालिग को पकड़ लिया गया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपहरण, जान से मारने की धमकी देकर फिरौती मांगने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उपनिरीक्षक नीलाकर सेठ, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक मनोज एक्का, आरक्षक पवन ठाकुर तथा लेखपाल खुसरो की विशेष भूमिका रही।
