घर में घुसकर महिला व परिवार पर हमला, 24 घंटे के भीतर तीन आरोपी गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव

 

धमतरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मारपीट, धमकी और तोड़फोड़ के आरोप में भेजे गए जेल

 

 

धमतरी, 26 जून 2026। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए धमतरी पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना अर्जुनी पुलिस ने घर में घुसकर महिला और उसके परिवार के साथ मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी तथा तोड़फोड़ करने वाले तीन आरोपियों को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सेहराडाबरी निवासी श्रीमती प्रीति साहू (34) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 23 जून की रात करीब 9 बजे आरोपी उमेश साहू वाहन मांगने उनके घर पहुंचा था। वाहन देने से इनकार करने पर वह नाराज होकर चला गया।

इसके बाद उसी रात करीब 12 बजे देवेंद्र साहू, उमेश साहू उर्फ छोटू और प्रणेश मांडवी उर्फ प्रिंस एक राय होकर जबरन घर में घुस गए। आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए प्रीति साहू, उनके पति मनोज साहू और पुत्री नीलिमा साहू के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान उमेश साहू ने लकड़ी के डंडे से हमला कर मनोज साहू और नीलिमा साहू को घायल कर दिया।

आरोपियों ने घर के दरवाजे, खिड़कियां, बिजली मीटर, गमले, कुर्सियां और मोटरसाइकिल में भी तोड़फोड़ कर संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, जिससे पूरे परिवार में दहशत का माहौल बन गया।

प्रार्थिया की शिकायत पर थाना अर्जुनी में अपराध क्रमांक 77/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर साक्ष्य जुटाए और तीनों आरोपियों की संलिप्तता प्रमाणित होने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में देवेंद्र साहू (22 वर्ष), उमेश साहू उर्फ छोटू (22 वर्ष) एवं प्रणेश मांडवी उर्फ प्रिंस (18 वर्ष) शामिल हैं। तीनों ग्राम सेहराडाबरी, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी के निवासी हैं।

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कहा कि महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी, मारपीट, धमकी या कानून व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध धमतरी पुलिस की कठोर एवं त्वरित कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।