✍️ भागीरथी यादव
पाली/कटघोरा-कोरबा।
कटघोरा-पाली मार्ग पर स्थित लिमहा टोल नाका और मदनपुर टोल नाका को लेकर क्षेत्रवासियों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दोनों टोल नाकों के बीच की दूरी राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है, जिसके कारण आम जनता की जेब पर खुला आर्थिक बोझ पड़ रहा है। वाहन चालकों का कहना है कि कम दूरी में दोहरी टोल व्यवस्था से उन्हें अनावश्यक भुगतान करना पड़ता है, जिससे प्रतिदिन हजारों लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
लोगों का यह भी आरोप है कि मदनपुर टोल नाके पर तैनात एक कथित कर्मचारी वाहन चालकों के साथ अभद्र व्यवहार करता है। इससे यात्रियों और टोल कर्मियों के बीच आए दिन विवाद की स्थिति बनती रहती है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो कभी भी कोई बड़ी अप्रिय घटना हो सकती है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि इससे पहले भी इसी टोल नाके पर एक आईएएस अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार का मामला सामने आ चुका है, जिसके बाद संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई थी। इसके बावजूद हालात में अपेक्षित सुधार दिखाई नहीं दे रहा है।
स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने मांग की है कि लिमहा और मदनपुर टोल नाकों के बीच की दूरी की राष्ट्रीय राजमार्ग के मानकों के अनुरूप जांच कराई जाए, टोल संचालन की निष्पक्ष समीक्षा की जाए तथा आम जनता के साथ अभद्र व्यवहार करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि यदि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो व्यापक जनआंदोलन की स्थिति बन सकती है।
