✍️ भागीरथी यादव
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सुलझाया मामला, चोरी का सामान व वारदात में प्रयुक्त औजार और दो बाइक जब्त
रतनपुर/बेलतरा, बिलासपुर। बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलतरा स्थित ग्रामीण बैंक एवं एटीएम में सेंध लगाकर चोरी और लॉकर-एटीएम तोड़ने का प्रयास करने वाले पांच आरोपियों को रतनपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए बैंक का राउटर, स्टेबलाइजर, वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, लोहे की गैंती और टंगिया जब्त की है।
पुलिस के अनुसार 6 जुलाई 2026 को बैंक शाखा प्रबंधक ने थाना रतनपुर में शिकायत दर्ज कराई कि 4 जुलाई की शाम बैंक बंद होने के बाद अज्ञात बदमाशों ने बैंक की पीछे की दीवार में सेंध लगाकर प्रवेश किया। आरोपियों ने बैंक का राउटर और स्टेबलाइजर चोरी कर लिया तथा लॉकर और एटीएम को तोड़कर चोरी का प्रयास किया, लेकिन नकदी हाथ नहीं लगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में टीम गठित की गई। बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद संदिग्धों की पहचान की गई। मुखबिर की सूचना पर सुमेष कश्यप उर्फ सोनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसने अपने चार साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों में सुमेष कश्यप उर्फ सोनू, सूरज कुमार विश्वकर्मा, नवीन कुमार बैसवाड़े, खिकराम खैरवार उर्फ विक्की तथा प्रकाश यादव उर्फ बौना को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध पहले से भी विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उपनिरीक्षक नीलाकर सेठ तथा पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
