✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। 19 जुलाई से जिले में रुक-रुक कर हो रही बारिश ने नगर निगम की तैयारियों और जल निकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। लगातार हो रही बारिश के कारण शहर की कई प्रमुख सड़कों के साथ-साथ निचली बस्तियों में पानी भर गया है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।


जलभराव के कारण लोगों को घरों से निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई इलाकों में सड़कें तालाब जैसी नजर आ रही हैं, जबकि नालियों की सफाई और पानी निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से स्थिति और गंभीर होती जा रही है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर निगम के वर्तमान कार्यकाल को 16 महीने पूरे होने के बावजूद जलभराव की स्थायी समस्या का समाधान नहीं हो सका है। हर वर्ष बारिश के दौरान शहर के वही इलाके जलमग्न हो जाते हैं और लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है।

बारिश के बीच जल निकासी व्यवस्था की विफलता एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है। लोगों का आरोप है कि समय रहते नालों की सफाई और जल निकासी की ठोस व्यवस्था की जाती तो आज यह स्थिति नहीं बनती।

अब लोगों की नजर प्रशासन और नगर निगम पर है कि वे जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए तत्काल क्या कदम उठाते हैं, ताकि आगामी बारिश में नागरिकों को राहत मिल सके।

