युवक कांग्रेस चुनाव में गरमाया माहौल: ब्लॉक अध्यक्ष प्रत्याशी को इंस्टाग्राम पर मिली गोली मारने की धमकी

✍️ भागीरथी यादव

 

 

सोशल मीडिया पर खुलेआम “गन ठोंक देने” की धमकी, आरोपी की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग

कोरबा। युवक कांग्रेस संगठन चुनाव के बीच एक गंभीर मामला सामने आया है। कोरबा शहर ब्लॉक अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अदनान मेमन को इंस्टाग्राम पर कथित तौर पर गोली मारने की धमकी मिलने से चुनावी माहौल में सनसनी फैल गई है। मामले को लेकर युवक कांग्रेस नेताओं ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और प्रत्याशी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

कोतवाली थाना क्षेत्र के पुरानी बस्ती निवासी अदनान मेमन ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि वह युवक कांग्रेस के संगठन चुनाव में कोरबा शहर ब्लॉक अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे हैं। चुनावी गतिविधियों और संगठनात्मक कार्यक्रमों के चलते उनका लगातार रायपुर आना-जाना रहता है।

शिकायत के अनुसार, उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर “4oong.7” नामक कथित आईडी से आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए रायपुर पहुंचने पर गोली मारकर हत्या करने की धमकी दी गई। आरोपी ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कथित तौर पर लिखा कि रायपुर पहुंचते ही उनका “काम तमाम” कर दिया जाएगा और बचने की कोई कोशिश सफल नहीं होगी।

अदनान मेमन ने आवेदन में कहा कि चुनावी जिम्मेदारियों के कारण उन्हें लगातार यात्रा करनी पड़ती है। ऐसे में सोशल मीडिया पर मिली इस सार्वजनिक धमकी से उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका है। उन्होंने पुलिस से संबंधित इंस्टाग्राम आईडी की तकनीकी जांच कर संचालक की पहचान करने और उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

शिकायत के साथ उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट, कथित धमकी भरी टिप्पणी और संबंधित प्रोफाइल के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को उपलब्ध कराए हैं। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि संबंधित प्रोफाइल प्राइवेट है और उस पर “Sohan Chandravanshi” नाम प्रदर्शित हो रहा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसी प्रोफाइल से उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।

फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। तकनीकी जांच के माध्यम से संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट संचालक की पहचान की जाएगी, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। युवक कांग्रेस चुनाव के दौरान सामने आई इस घटना ने सोशल मीडिया पर बढ़ती धमकियों और राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े सुरक्षा संबंधी सवालों को भी एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।