✍️ भागीरथी यादव
स्व. रोशन अग्रवाल (छोटू) की स्मृति में अग्रवाल परिवार की अनूठी पहल, जरूरतमंद विद्यार्थियों को मिला पढ़ाई का संबल
बेलगहना (बिलासपुर) गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर स्वर्गीय रोशन अग्रवाल (छोटू) की स्मृति में अग्रवाल परिवार ने सेवा और सामाजिक सरोकार की अनुकरणीय मिसाल पेश की। स्वर्गीय रोशन अग्रवाल के पिता राजेंद्र अग्रवाल एवं अग्रवाल परिवार द्वारा क्षेत्र के लगभग 280 जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्कूल बैग, पानी की बोतल, कंपास बॉक्स, पेन सहित विभिन्न शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था। कई बच्चों को पहली बार नया स्कूल बैग और पढ़ाई का पूरा सामान एक साथ मिला। बच्चों की मुस्कान ने पूरे आयोजन को भावुक और प्रेरणादायी बना दिया।
विद्यालय परिवार ने कहा कि इस तरह के सेवा कार्य आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए बड़ी सहायता साबित होते हैं। इससे बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ती है और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने की प्रेरणा मिलती है। समाज के सक्षम लोगों द्वारा यदि समय-समय पर इसी प्रकार सहयोग किया जाए, तो अनेक बच्चों के सपनों को नई उड़ान मिल सकती है।
विद्यालय प्रबंधन एवं संकुल परिवार ने राजेंद्र अग्रवाल एवं अग्रवाल परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वर्गीय रोशन अग्रवाल की स्मृति में किया गया यह सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। यह पहल शिक्षा, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व का सशक्त संदेश देती है।
कार्यक्रम में नारायण अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, विवेक अग्रवाल, आशीष अग्रवाल एवं ऋषि अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में शिक्षक अमित अग्रवाल, शैलेश गुप्ता, वैष्णव सर सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
यह आयोजन केवल शैक्षणिक सामग्री वितरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज में शिक्षा, सेवा और संवेदनशीलता का संदेश भी दे गया। जरूरतमंद बच्चों को पढ़ाई की सामग्री उपलब्ध कराना उनके बेहतर भविष्य की दिशा में एक सार्थक पहल है।
