वार्ड क्रमांक 13 के पार्षद अश्वनी मिश्रा ने अवकाश के दिनों में भी नागरिक सुविधाएं सुचारु रखने की मांग की

✍️ भागीरथी यादव

 

 

नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के वार्ड क्रमांक 13 के पार्षद अश्वनी मिश्रा ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र प्रेषित कर रविवार एवं अन्य शासकीय अवकाश के दिनों में भी आवश्यक नागरिक सुविधाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है।

पार्षद श्री मिश्रा ने बताया कि अवकाश के दिनों में सफाई, पेयजल, नाली, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य आवश्यक नागरिक सेवाओं से संबंधित शिकायतें लगातार प्राप्त होती हैं। समय पर निरीक्षण एवं जिम्मेदार अधिकारियों की अनुपलब्धता के कारण आम नागरिकों को गंभीर असुविधाओं का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से अवकाश के दिनों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित करने, आपातकालीन सेवाओं हेतु नोडल अधिकारी एवं संपर्क नंबर सार्वजनिक करने, शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने तथा भविष्य में नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग की है।

पार्षद श्री मिश्रा ने कहा कि नगर पालिका की जिम्मेदारी केवल कार्य दिवसों तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को रविवार एवं अन्य अवकाश के दिनों में भी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना प्रशासन का दायित्व है। उन्होंने जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की अपेक्षा व्यक्त की है।