खेत में काम करने गए ग्रामीण को जंगली हाथी ने कुचला, मौके पर मौत

✍️ भागीरथी यादव

 

करतला वन परिक्षेत्र के बड़मार गांव की घटना, इलाके में दहशत; ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की उठाई मांग

 

कोरबा। जिले के करतला वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़मार में शनिवार सुबह जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान जगेशर सिंह राठिया के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जगेशर सिंह राठिया शनिवार सुबह अपने खेत में कृषि कार्य करने गए थे। इसी दौरान खेत के आसपास विचरण कर रहे एक जंगली हाथी से उनका आमना-सामना हो गया। अचानक आक्रामक हुए हाथी ने उन पर हमला कर दिया और कुचल दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वन विभाग ने बताया कि नियमानुसार मृतक के परिजनों को मुआवजा प्रदान करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

इस हादसे के बाद बड़मार सहित आसपास के गांवों में भय का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने वन विभाग से हाथियों की नियमित निगरानी, गश्त बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में अकेले न जाएं, सतर्क रहें तथा हाथी दिखाई देने पर उसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।