चावल कारोबार की रंजिश में बहा खून: नारी महानदी पुल हत्याकांड का पर्दाफाश, 21 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव

 

 

सैकड़ों CCTV फुटेज और वैज्ञानिक जांच से धमतरी पुलिस को मिली बड़ी सफलता, कैंची और पाना से की गई थी 27 वर्षीय युवक की हत्या

 

धमतरी। नारी महानदी पुल पर 27 वर्षीय युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का धमतरी पुलिस ने खुलासा करते हुए 21 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि चावल व्यवसाय में प्रतिस्पर्धा और आर्थिक ईर्ष्या के चलते आरोपी ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कैंची और पाना भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को थाना कुरूद क्षेत्र के नारी महानदी पुल पर कुण्डेल निवासी नीरज साहू (27) का शव खून से लथपथ हालत में मिला था। मृतक के गले और माथे पर गंभीर चोट के निशान थे तथा उसका बोलेरो पिकअप वाहन (CG-06-GT-7675) घटनास्थल पर खड़ा मिला था। प्रारंभिक जांच के बाद हत्या की पुष्टि होने पर थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 221/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर कुरूद पुलिस, मगरलोड पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवचरण पटेल तथा एसडीओपी रागिनी मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस ने कई दिनों तक लगातार जांच की। घटनास्थल और संभावित मार्गों पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों तथा अन्य सुरागों का गहन विश्लेषण किया गया, जिसके आधार पर संदेह बिरेंद्र कुमार साहू (21) पर गया।

हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह और नीरज दोनों चावल का कारोबार करते थे। मृतक का कारोबार अधिक सफल होने और उसकी आय ज्यादा होने से वह उससे रंजिश रखने लगा था। इसी द्वेष के चलते उसने नारी महानदी पुल के सुनसान स्थान पर नीरज को रोककर कैंची और पाना से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कैंची और पाना बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी बिरेंद्र कुमार साहू, निवासी सांकरा, थाना मगरलोड, जिला धमतरी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

धमतरी पुलिस ने कहा है कि गंभीर एवं सनसनीखेज अपराधों के मामलों में वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई कर अपराधियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाने का अभियान लगातार जारी रहेगा।