पोड़ी उपरोड़ा/कोरबा | सुशील जायसवाल
जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा की सामान्य सभा की बैठक शनिवार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। दिनभर चली बैठक में विकास कार्यों की प्रगति, विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रशासनिक जवाबदेही तथा ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत सामूहिक पौधरोपण भी किया गया। वहीं बैठक से अनुपस्थित अधिकारियों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्णय लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष माधुरी देवी तंवर ने की। इस दौरान उपाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जाखड़, जनपद सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के समापन पर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी खगेश कुमार निर्मलकर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और गति लाने के लिए जनप्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद बनाए रखना आवश्यक है। साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने और स्वीकृत विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के बीच विकास कार्यों एवं ग्रामीण समस्याओं पर गंभीर चर्चा हुई। सभी ने विकासखंड के समग्र विकास को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं की नियमित समीक्षा, विभागीय जवाबदेही तय करने और विकास कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने पर सहमति जताई।
बैठक में यह भी तय किया गया कि सभी विभाग अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करेंगे, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी तथा विकास कार्यों की प्रगति से जनप्रतिनिधियों को लगातार अवगत कराया जाएगा।
अंत में जनप्रतिनिधियों ने विश्वास व्यक्त किया कि बैठक में लिए गए निर्णयों से पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा शासन की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचेगा।
