बिजली दरों में बढ़ोतरी पर भड़के पूर्व मंत्री , स्मार्ट मीटर पर रोक लगाने की उठाई मांग

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। बिजली दरों में बढ़ोतरी, स्मार्ट मीटरों की कार्यप्रणाली और बढ़ती महंगाई के विरोध में रविवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने प्रेस वार्ता कर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने दो बार बिजली दरें बढ़ाकर आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला है। साथ ही पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की 400 यूनिट तक आधा बिजली बिल योजना बंद कर दी, जिससे उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल रही है।

जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि स्मार्ट मीटरों की पारदर्शिता और कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में गंभीर संदेह है। उन्होंने सरकार से स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया तत्काल रोकने, इसकी तकनीकी एवं सामाजिक ऑडिट कराने तथा बिजली बिल की गणना प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि बिजली मीटर रीडिंग की अनियमितता के कारण कई उपभोक्ता योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं।

प्रेस वार्ता में उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और स्थानीय मुद्दों को लेकर भी सरकार को घेरा। अग्रवाल ने चेतावनी दी कि यदि बिजली दरों में बढ़ोतरी वापस नहीं ली गई, स्मार्ट मीटरों की समीक्षा नहीं हुई और 400 यूनिट तक आधा बिजली बिल योजना बहाल नहीं की गई, तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर प्रदेशभर में लोकतांत्रिक आंदोलन करेगी।