नशा जीवन को खोखला करता है, युवा नशे से दूर रहकर विकसित भारत के निर्माण में दें योगदान : मंत्री लखनलाल देवांगन

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। शासकीय ई.वी.पी.जी. महाविद्यालय में रविवार को “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें उन्होंने देशभर के युवाओं से नशे से दूर रहकर विकसित भारत-2047 के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि वाणिज्य, उद्योग, आबकारी एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि नशा व्यक्ति और परिवार दोनों को खोखला कर देता है। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, सकारात्मक सोच और शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को संवारने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने महाविद्यालय की समस्याओं के समाधान का भी आश्वासन दिया।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि नशे की शुरुआत अक्सर गलत संगति से होती है, इसलिए युवाओं को शुरुआत से ही इससे दूरी बनानी चाहिए। उन्होंने कहा, “नशे को ‘ना’ कहें और जिंदगी को ‘हाँ’।” कलेक्टर ने बताया कि जिले में “माय भारत फॉर युवा” अभियान के तहत 58 हजार युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें 32 हजार से अधिक युवा जुड़ चुके हैं।

कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, जनप्रतिनिधि, प्राध्यापक, एनएसएस स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में सभी को नशामुक्त जीवन की शपथ दिलाई गई।