✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। कटघोरा क्षेत्र में सोमवार को सेनानी पेट्रोल पंप के पास यात्रियों से भरी बस और बोलेरो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस और बोलेरो सवार कई लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जानकारी के अनुसार, बिलासपुर से कोरबा आ रही बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। हादसे में आधा दर्जन से अधिक यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं बोलेरो में सवार चार लोगों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और सभी को उपचार के लिए कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े ट्रकों के कारण दोनों वाहनों को पर्याप्त जगह नहीं मिल सकी, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि इस संबंध में पुलिस की जांच जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं यातायात व्यवस्था संभाली। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल करने का प्रयास किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है, जबकि सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
