आयुक्त से बदसलूकी पर पार्षद एकजुट, व्यापारी पर सख्त कार्रवाई की मांग

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। नगर निगम आयुक्त के साथ कथित अभद्र व्यवहार और धमकी दिए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में नगर निगम के लगभग सभी पार्षद एकजुट होकर बुधवार को अपर कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से मिले और दोषी व्यापारी के विरुद्ध विधिसम्मत कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पार्षदों ने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि पावर हाउस रोड स्थित एक प्रतिष्ठान के संचालक ने स्वच्छता संबंधी कार्रवाई के दौरान नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय तथा अन्य अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि व्यापारी ने निगम कार्यालय में लोगों को लेकर हंगामा करने की धमकी भी दी, जिससे निगम कर्मचारियों और अधिकारियों में आक्रोश है।

पार्षदों का कहना है कि नगर निगम की टीम शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। ऐसे में कर्तव्य निर्वहन कर रहे अधिकारियों के साथ इस तरह का व्यवहार न केवल निंदनीय है, बल्कि शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने जैसा भी है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी शासकीय अधिकारियों के साथ इस प्रकार का दुर्व्यवहार करने का साहस न कर सके।

पार्षदों ने स्पष्ट किया कि वे नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान और सुरक्षा के साथ खड़े हैं तथा प्रशासन से इस मामले में शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई की अपेक्षा करते हैं।