✍️ भागीरथी यादव
बारिश में काई जमी चट्टान बनी हादसे की वजह, एक सप्ताह में सक्ती जिले के पिकनिक स्पॉट पर दूसरी मौत
सक्ती/कोरबा। लगातार बारिश के बीच सक्ती जिले के प्रसिद्ध नगरदा वॉटरफॉल में मंगलवार को हुए दर्दनाक हादसे में कोरबा जिले के एक युवक की मौत हो गई। बारिश के कारण चट्टानों पर जमी काई से पैर फिसलने पर युवक ऊंचाई से नीचे गिर गया, जिससे उसके सिर समेत शरीर के अंदरूनी अंगों में गंभीर चोटें आईं। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवरमाल निवासी रोशन उर्फ राहुल पटेल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वह अपने दोस्तों के साथ नगरदा वॉटरफॉल घूमने और स्नान करने गया था। इसी दौरान फिसलन भरी चट्टान पर संतुलन बिगड़ने से वह गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे के बाद साथी युवक उसे तत्काल चांपा स्थित बीडीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया।
बीडीएम अस्पताल के डॉ. मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि पोस्टमार्टम में युवक के सिर में गंभीर चोट के साथ फेफड़ों और लीवर को भी भारी क्षति पहुंचने की पुष्टि हुई है। चिकित्सकों के अनुसार चोटें इतनी गंभीर थीं कि उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी।
गौरतलब है कि एक सप्ताह के भीतर सक्ती जिले के पिकनिक स्पॉट पर यह दूसरी मौत है। इससे पहले दमाऊधारा पिकनिक स्थल पर दुर्ग जिले के छावनी निवासी प्रतीक कंवर की गहरे पानी में डूबने से जान चली गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने पिकनिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था और लोगों की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस और जिला प्रशासन ने लोगों से बारिश के मौसम में वॉटरफॉल, नदी एवं अन्य पर्यटन स्थलों पर विशेष सावधानी बरतने, फिसलन वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
