✍️ भागीरथी यादव
कोरबा, 11 जून 2026। जिले में मानसून अवधि के दौरान नदियों से रेत उत्खनन पर लगाए गए प्रतिबंध को सख्ती से लागू कराने के लिए खनिज विभाग ने विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। औचक निरीक्षण के दौरान अवैध उत्खनन और परिवहन में संलिप्त पाए जाने पर एक पोकलेन (माउंटेन मशीन) और तीन ट्रैक्टर जब्त किए गए हैं।

कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश एवं उप संचालक खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में गठित दो खनिज उड़नदस्ता दलों ने जिले के विभिन्न रेत घाटों का निरीक्षण किया। अभियान के तहत जोगीपाली, तरदा, कुदुरमाल, कटबितला, भैंसामुड़ा, गितारी, बगदर, चिचोली, भिलाई खुर्द, चुईया, कछार, घमोटा, धवईपुर, चारपारा और कुदमुरा सहित कई वैध रेत घाटों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने 10 जून से 15 अक्टूबर तक लागू रेत उत्खनन प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित कराया और संबंधित संचालकों को इस अवधि में किसी भी प्रकार का उत्खनन नहीं करने की सख्त हिदायत दी।
कार्रवाई के दौरान कुदमुरा रेत घाट में प्रतिबंध के बावजूद एक पोकलेन मशीन से रेत उत्खनन किया जाता पाया गया। खनिज विभाग ने तत्काल मशीन को जब्त कर सील कर दिया। वहीं भिलाई खुर्द में ईंटों का अवैध परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को जब्त कर सिटी कोतवाली थाना में रखा गया। इसके अलावा डिंगापुर क्षेत्र में मिट्टी और ईंटों के अवैध उत्खनन व परिवहन में लगे दो अन्य ट्रैक्टरों को जब्त कर रामपुर थाना की अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य मानसून अवधि में नदियों से रेत उत्खनन पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करना, अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना तथा शासकीय राजस्व की हानि को रोकना है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों एवं अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
