रक्षाबंधन पर डाकघरों में विशेष व्यवस्था, राखियों के लिए लगाई गई पीली पेटियां

✍️ भागीरथी यादव

 

 

29 अगस्त तक मिलेगी विशेष डाक सुविधा, वाटरप्रूफ लिफाफे भी उपलब्ध

कोरबा, 9 अगस्त। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए भारतीय डाक विभाग के बिलासपुर संभाग द्वारा राखियों की समय पर डिलीवरी के लिए विशेष व्यवस्था शुरू की गई है। कोरबा जिले के मुख्य डाकघर सहित विभिन्न उप डाकघरों में राखी मेल्स अभियान के तहत अलग से पीली रंग की पत्र पेटियां लगाई गई हैं। यह व्यवस्था 29 अगस्त तक जारी रहेगी।

कोसाबाड़ी स्थित मुख्य डाकघर के अलावा कोरबा शहर, बालकोनगर, भैसमा सहित अन्य उप डाकघरों में राखियों के लिए विशेष पेटियां रखी गई हैं। इन पेटियों से प्रतिदिन नियमित रूप से राखी डाक की निकासी की जाएगी। इसके बाद राखियों को अलग बैग में रखकर प्राथमिकता के साथ संबंधित पते पर भेजने की व्यवस्था की गई है।

प्रधान डाकघर कोरबा की अधीक्षक एस. कुजूर ने बताया कि राखी डाक की प्रतिदिन दो बार निकासी की जाएगी, ताकि बहनों द्वारा भेजी गई राखियां समय पर भाइयों तक पहुंच सकें।

वाटरप्रूफ लिफाफे भी उपलब्ध

बारिश के मौसम को देखते हुए डाकघर में वाटरप्रूफ लिफाफों की भी व्यवस्था की गई है। निर्धारित शुल्क पर ये लिफाफे डाकघर से प्राप्त किए जा सकते हैं। वहीं, साधारण लिफाफे में राखी भेजने वाले लोगों को नियमानुसार डाक टिकट लगाना होगा।

डाक विभाग के अनुसार मुख्य डाकघर में फिलहाल करीब 2500 वाटरप्रूफ लिफाफे उपलब्ध कराए गए हैं। इसके साथ ही पर्याप्त मात्रा में डाक टिकट भी उपलब्ध हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर प्राप्त होने वाले मनीऑर्डर के त्वरित भुगतान के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि राखियां भेजने के लिए निर्धारित पीली पत्र पेटियों का उपयोग करें, जिससे डाक की छंटाई और वितरण प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।