✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। इंडियन पावरलिफ्टिंग फेडरेशन के तत्वावधान में 31 जुलाई से 2 अगस्त तक धमतरी के अग्रसेन भवन, सिहावा चौक में 12वीं छत्तीसगढ़ राज्य पावरलिफ्टिंग ओपन डेडलिफ्ट एवं बेंच प्रेस चैंपियनशिप 2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 400 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कोरबा जिले से तीन खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लेकर शानदार प्रदर्शन किया।
जूनियर वर्ग में 60 किलोग्राम बॉडीवेट के तुषार गायकवाड़ ने टोटल पावरलिफ्टिंग में 390 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक हासिल किया। वहीं ओपन डेडलिफ्ट में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
सब-जूनियर वर्ग में 93 किलोग्राम बॉडीवेट के महज 15 वर्षीय श्रीयांश साहू ने टोटल 370 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने ओपन बेंच प्रेस में रजत तथा ओपन डेडलिफ्ट में कांस्य पदक भी जीता।
इसी तरह जूनियर वर्ग में 93 किलोग्राम बॉडीवेट के संदीप कुमार महतो ने ओपन बेंच प्रेस में 90 किलोग्राम तथा ओपन डेडलिफ्ट में 210 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक प्राप्त किया।
तीनों खिलाड़ियों का चयन सितंबर 2026 में दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता के लिए हुआ है। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के कोच एवं टीम मैनेजर दीपक सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ राज्य पावरलिफ्टिंग स्पोर्ट्स के महासचिव एवं वीर हनुमान सिंह अवार्डी हरिनाथ, हेमलता सिदार, मेहुल प्रधान, समीर हुसैन, प्रांजल, दिनेश कंवर, करण यादव, अंशु साहू, लक्ष्य, अमित गुप्ता एवं मोनिका सहित खेलप्रेमियों ने बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
