✍️ भागीरथी यादव
कोरबा, 9 अगस्त। टीपी नगर में रविवार को सवारी ऑटो, बैटरी ऑटो और मालवाहक ऑटो चालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने और सड़क पर सुरक्षित वाहन संचालन को लेकर चालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में चालकों से सड़क पर मनमाने ढंग से वाहन खड़ा कर सवारी बैठाने से बचने को कहा गया। सवारी बैठाने और उतारने के लिए निर्धारित ऑटो स्टैंड का इस्तेमाल करने की हिदायत दी गई, ताकि मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति न बने और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।
मालवाहक ऑटो चालकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वे अपने वाहनों में सवारियों का परिवहन न करें। वाहनों में क्षमता से अधिक माल लादकर चलने पर भी रोक लगाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि ओवरलोडिंग से वाहन का संतुलन बिगड़ सकता है और सड़क दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।
सवारी ऑटो चालकों से भी यातायात नियमों का पालन करने, सड़क के बीच में वाहन रोककर सवारी नहीं बैठाने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।
बैठक में ऑटो संघ के अध्यक्ष आजाम खान, सचिव पंकज तिवारी, बैटरी ऑटो संघ के अध्यक्ष वाल्मीकि तथा मालवाहक ऑटो संघ के अध्यक्ष बांजारे सहित अन्य पदाधिकारी और चालक मौजूद रहे।
इस दौरान डीएसपी ज्योत्सना चौधरी, एएसआई ईश्वरी लहरे, हेड कांस्टेबल लखन सिंह, कांस्टेबल राम पटले और अजय सहित पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा। पुलिस अधिकारियों ने चालकों को नियमों का पालन करने तथा शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग करने की अपील की।
