कार से 5.32 ग्राम ‘ओरिजनल गैंगस्टर ओजी’ जब्त, आरोपी गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बिलासपुर। जिले में अवैध मादक पदार्थों और नशीली दवाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिरगिट्टी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कार से 5.32 ग्राम मादक पदार्थ ‘ओरिजनल गैंगस्टर ओजी’ जब्त किया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति काले रंग की किया सेल्टोस कार क्रमांक CG 10 AS 3131 से तिफरा नया बस स्टैंड क्षेत्र में महंगा नशीला पदार्थ बिक्री के लिए लेकर आने वाला है। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम ने तिफरा नया बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।

कार की तलाशी के दौरान पुलिस ने 5.32 ग्राम मादक पदार्थ ‘ओरिजनल गैंगस्टर ओजी’, करीब 7 लाख रुपये कीमत की किया सेल्टोस कार और 50 हजार रुपये कीमत का एप्पल आईफोन 16 प्रो जब्त किया। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 7 लाख 65 हजार रुपये बताई गई है।

मामले में पुलिस ने शोभित जजोदिया उर्फ अक्षत (32 वर्ष) निवासी लिंक रोड, सुमंगलम अपार्टमेंट के पास, तारबहार, बिलासपुर को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना सिरगिट्टी में अपराध क्रमांक 570/2026 के तहत धारा 20ए एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी के नेतृत्व में की गई। टीम में सउनि नरेश कुमार गर्ग, प्रधान आरक्षक प्रभाकर सिंह, आरक्षक वीरेंद्र निषाद, संजय यादव तथा एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपती सहित एसीसीयू की टीम शामिल रही।