अर्टिगा और बाइक की भिड़ंत में दो युवकों की मौत, एक गंभीर

✍️ भागीरथी यादव

 

पाली/कटघोरा। पाली थाना क्षेत्र के चैतमा स्थित चेतन डिस्पोजल फैक्ट्री के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा अर्टिगा कार और बाइक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत के कारण हुआ।

जानकारी के अनुसार, तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान चेतन डिस्पोजल फैक्ट्री के पास सामने से आ रही अर्टिगा कार से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। हादसे में सभी को गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीसरे युवक की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।

सूचना मिलने पर पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों और कार चालक की भूमिका की जांच की जा रही है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।