हरेली पर्व पर अवैध शराब के खिलाफ भखारा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 आरोपी गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव

 

62.700 लीटर अवैध शराब और ₹440 बिक्री रकम जब्त, कोपेडीह में अलग-अलग टीमों ने दी दबिश

 

धमतरी, 12 अगस्त 2026। हरेली पर्व के दौरान अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए धमतरी पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में थाना भखारा पुलिस ने ग्राम कोपेडीह में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 5 प्रकरणों में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों के कब्जे से हाथ भट्टी से निर्मित कुल 60 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई। इसके अलावा एक अन्य कार्रवाई में 15 पौवा देशी प्लेन शराब, जिसकी कुल मात्रा 2.700 लीटर है, तथा ₹440 बिक्री रकम जब्त की गई। इस तरह कुल 62.700 लीटर अवैध शराब, जिसकी कीमत ₹7,200 बताई गई है, तथा ₹440 बिक्री रकम सहित कुल ₹7,640 की संपत्ति जब्त की गई।

 

महुआ शराब के मामलों में पुलिस ने सकून खूंटे (40 वर्ष), सोनउराम देशलहरे (52 वर्ष), ईश्वरी बाई बांधे (50 वर्ष) और देवचंद बंजारे (25 वर्ष) के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की है। वहीं देशी शराब बिक्री के मामले में यनिष कुमार साहू (22 वर्ष), निवासी जोरातराई सी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

 

त्योहार के दौरान विशेष निगरानी

 

हरेली पर्व को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा जिले में अवैध शराब के कारोबार पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में थाना भखारा पुलिस ने सूचना तंत्र को सक्रिय करते हुए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया और ग्राम कोपेडीह में एक साथ कार्रवाई की।

 

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों की आड़ में अवैध शराब का निर्माण, बिक्री अथवा परिवहन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। धमतरी पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने की बात कही है।