सुशील जायसवाल | लाद (कोरबी-चोटिया)
पोड़ी उपरोड़ा। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर देशभर में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत लाद स्थित हाईस्कूल में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। देशभक्ति के जोश और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत इस यात्रा में विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य जे.एल. जगत द्वारा राष्ट्रध्वज तिरंगे को नमन कर की गई। इसके बाद उन्होंने हरी झंडी दिखाकर तिरंगा यात्रा को विधिवत रवाना किया। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर गांव के प्रमुख मार्गों का भ्रमण किया।
इस अवसर पर कर्मचारी एवं शिक्षक विजय कंवर, नीता प्रधान, उर्मिला एक्का, जय सिंह कंवर, तथा शिक्षक भारते, ओंकार केंवट एवं तंवर सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
तिरंगा यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से पूरा गांव गूंज उठा। जगह-जगह ग्रामीणों द्वारा यात्रा का स्वागत किया गया। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व आयोजित इस तिरंगा यात्रा ने ग्रामीणों में भी खासा उत्साह और उमंग पैदा किया।
