✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ऑल छत्तीसगढ़ ड्राइवर एसोसिएशन एवं छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन जिला कोरबा ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जनजागरूकता अभियान चलाने की अनुमति मांगी है।
संगठन ने ज्ञापन में बताया कि अभियान के दौरान वाहन चालकों को शराब के नशे में वाहन नहीं चलाने, तेज रफ्तार से बचने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करने और नींद आने पर वाहन नहीं चलाने के लिए जागरूक किया जाएगा। चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने और दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।

ज्ञापन सौंपने वालों में परिवहन कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष जीडी महंत, छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन के बिलासपुर संभाग अधिकारी अजीत कुजूर, जिला अध्यक्ष सुनील यादव, पोड़ी ब्लॉक सचिव लच्छू राम, कटघोरा ब्लॉक अध्यक्ष शिव महंत, कटघोरा महासचिव समार दास, बरपाली ब्लॉक अध्यक्ष अजीत दिवाकर, मानिकपुर कोरबा भू-स्थापित संघ के प्रीतम चौहान एवं सरजू जांगड़े सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
संगठन ने जिला प्रशासन से अभियान की अनुमति देने का आग्रह करते हुए कहा कि जागरूकता के माध्यम से सड़क हादसों को कम करने में मदद मिलेगी।
