अयोध्यापुरी स्कूल के सामने गंदगी से पटी नाली, सफाई के अभाव में बढ़ी परेशानी……

✍️ भागीरथी यादव

 

दर्री/अयोध्यापुरी। दर्री क्षेत्र के अयोध्यापुरी स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय के सामने नाली की नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। नाली में कचरा जमा होने के साथ पानी काला और गंदा दिखाई दे रहा है, जिससे आसपास दुर्गंध फैलने की आशंका बनी हुई है।

स्कूल परिसर के सामने ही नाली की यह स्थिति होने से विद्यार्थियों और शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नाली के आसपास घास-फूस और कचरा भी जमा है। लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण नाली की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।

स्थानीय स्तर पर नाली की नियमित सफाई और कचरे की निकासी की जरूरत है, ताकि स्कूल के आसपास स्वच्छ वातावरण बना रहे। नगर निगम से मांग है कि स्कूल के सामने नाली की तत्काल सफाई कराकर नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।