ताश पर दांव लगाना पड़ा भारी, 17 जुआरी गिरफ्तार; 5.64 लाख की संपत्ति जब्त

✍️ भागीरथी यादव

 

कुरूद में बड़ी जुआ महफिल पर कार्रवाई, 93,200 रुपये नगद सहित 5.64 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

 

धमतरी। जिले में जुआ-सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ धमतरी पुलिस ने एक साथ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कुरूद, मगरलोड और सिहावा थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर पुलिस ने ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाते हुए कुल 17 जुआरियों को गिरफ्तार किया।

 

कुरूद में 7 जुआरी गिरफ्तार

 

थाना कुरूद पुलिस को रामसागर तालाब के पास बड़ी रकम का जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी और 7 जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से 93,200 रुपये नगद, 5 मोटरसाइकिल, 7 मोबाइल फोन और 52 पत्ती ताश बरामद की गई। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 5 लाख 64 हजार 400 रुपये बताई गई है।

 

गिरफ्तार आरोपियों में प्रीतम चंद्राकर, दीनू बैस, रवेंद्र कुमार सारथी, भावेश कुमार साहू, प्रकाश साहू, देवाशीष माणिकपुरी और खिलेन्द्र साहू शामिल हैं। मामले में थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 256/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) में कार्रवाई की गई।

 

मगरलोड में चार जुआरी पकड़े गए

 

थाना मगरलोड पुलिस ने ग्राम मोहंदी स्थित अटल चौक के पास जुआ खेल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से 3,200 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश बरामद की गई। पुलिस ने अलाउद्दीन खान, हरिचंद खुंटे, कुलदीप रात्रे और नरेश निषाद के खिलाफ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की।

 

सिहावा में छह जुआरी गिरफ्तार

 

इसी तरह थाना सिहावा पुलिस ने ग्राम भेजरी रावण में स्ट्रीट लाइट के नीचे सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे छह आरोपियों को पकड़ा। मौके से 3,700 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपियों में सुलेश्वर नेताम, मनीष सिन्हा, राजेंद्र साहू, खिलेश्वर साहू, भोला देवांगन और त्रिलोक नेताम शामिल हैं। मामले में अपराध क्रमांक 64/2026 के तहत जुआ एक्ट में कार्रवाई की गई।

 

अवैध गतिविधियों पर पुलिस की सख्ती जारी

 

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने आमजन से जुआ-सट्टे से दूर रहने तथा ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।