बांगो जलाशय लबालब, हसदेव में बढ़ा पानी का दबाव; 7 गेट खोलकर शुरू की गई निकासी

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा, 16 अगस्त। उत्तर छत्तीसगढ़ और हसदेव कैचमेंट क्षेत्र में हो रही लगातार तेज बारिश के चलते मिनीमाता बांगो जलाशय में पानी की आवक तेजी से बढ़ी है। जलाशय का जलस्तर 94.42 प्रतिशत तक पहुंचने के बाद जल संसाधन विभाग ने बांध के सात रेडियल गेट खोल दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, सातों गेट से करीब 32 हजार क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है। वहीं बांध के जल विद्युत संयंत्र से लगभग 9 हजार क्यूसेक पानी की निकासी हो रही है। इस तरह हसदेव नदी में कुल करीब 41 हजार क्यूसेक पानी प्रति सेकेंड प्रवाहित हो रहा है।

बढ़ती जल आवक के बाद बढ़ाई गई निकासी

बांगो बांध के कार्यपालन अभियंता एस.के. भारती के अनुसार, 15 अगस्त की सुबह जलाशय का जलभराव 358.7 मीटर तक पहुंचने पर तीन गेट खोले गए थे। जल आवक लगातार बढ़ने के बाद स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए बाद में चार और गेट खोल दिए गए।

बांध से पानी छोड़े जाने के बाद हसदेव नदी के आसपास प्रशासन और जल संसाधन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। बांध से जुड़े 34 गांवों में पहले ही अलर्ट जारी किया जा चुका है।

नदी किनारे बसे लोगों को सतर्क रहने की अपील

प्रशासन ने हसदेव नदी के तटीय और निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को तेज बहाव वाले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है। संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों में मुनादी के माध्यम से भी लोगों को सतर्क किया जा रहा है।

बांध के गेट खुलने के बाद पानी के तेज बहाव को देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों से लोगों के पहुंचने की सूचना है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी और बांध के संवेदनशील क्षेत्रों में भीड़ न लगाएं तथा सुरक्षा को प्राथमिकता दें।