✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। बांगो बांध के जलस्तर में पिछले कुछ दिनों से जारी गिरावट के बाद फिलहाल स्थिति स्थिर बनी हुई है। बुधवार 19 अगस्त की सुबह 7 बजे बांध का जलस्तर 358.29 मीटर दर्ज किया गया, जो इसकी कुल जलभराव क्षमता का 91.83 प्रतिशत है। बीते 24 घंटे में जलस्तर में 21 सेंटीमीटर की कमी आई है।
बांध में इस अवधि के दौरान औसत 29,049 क्यूसेक पानी की आवक दर्ज की गई, जबकि औसत 43,356 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। पानी की निकासी आवक से अधिक होने के कारण जलस्तर में कमी आई। हालांकि बुधवार सुबह 11.55 बजे इनफ्लो और आउटफ्लो दोनों 40,434 क्यूसेक दर्ज किए गए। पानी की आवक और निकासी बराबर होने से जलस्तर में फिलहाल कोई बदलाव नहीं हुआ है।
बांगो बांध का जलस्तर पिछले करीब पांच घंटे से 358.29 मीटर पर स्थिर बना हुआ है। जल संसाधन विभाग द्वारा बांध के जलस्तर, पानी की आवक और निकासी की लगातार निगरानी की जा रही है।
लगातार बारिश और जलग्रहण क्षेत्र से पानी की बढ़ी आवक के चलते बीते दिनों बांध का जलस्तर 93 प्रतिशत से अधिक पहुंच गया था। इसके बाद सुरक्षा और जल प्रबंधन के मद्देनजर गेट खोलकर पानी की निकासी की गई थी। वर्तमान में जलस्तर घटकर 91.83 प्रतिशत रह गया है। बांध की स्थिति को देखते हुए निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को जल निकासी की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
