गवाहों को धमकाने के आरोप में भाजपा नेता गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। कटघोरा के कारखाना मोहल्ला निवासी भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं ठेकेदार अक्षय गर्ग हत्याकांड में आरोपियों का पक्ष लेने और गवाह को धमकाने के आरोप में पसान पुलिस ने हसन अली को गिरफ्तार किया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर कटघोरा उप जेल भेज दिया गया। आरोपी का प्रारंभिक जमानत आवेदन भी खारिज हो गया है।

पुलिस के अनुसार अक्षय गर्ग की ग्राम कटोरीनगोई स्थित ठेका साइट पर हत्या हुई थी। मामले में राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी मुस्ताक अहमद सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इसी दौरान हत्याकांड के एक गवाह के परिवार को गवाही नहीं देने के लिए धमकाए जाने की शिकायत पसान थाने में दर्ज कराई गई थी।

ग्राम लोकड़हा निवासी गवाह ने जुलाई में शिकायत दर्ज कराई थी कि काले रंग की कार से एक व्यक्ति गांव पहुंचकर उसके माता-पिता के बारे में पूछताछ करता था और हत्याकांड में गवाही देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देता था। शिकायत पर पुलिस ने धारा 232(1) और 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि संदिग्ध आरोपी बीच-बीच में कटघोरा स्थित अपने घर आता है। 16 अगस्त को उसके घर आने की सूचना मिलने पर पसान पुलिस ने कटघोरा पुलिस के सहयोग से उसे हिरासत में लिया। इसके बाद कार्यपालिक दंडाधिकारी पसान के समक्ष पहचान परेड कराई गई, जिसमें पीड़ित पक्ष ने हसन अली की पहचान धमकी देने वाले व्यक्ति के रूप में की।

पसान थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र यादव के नेतृत्व में कार्रवाई पूरी की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया गया। हत्याकांड से जुड़े गवाह को धमकाने के मामले में हसन अली की गिरफ्तारी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।