खारुन नदी में बहे ग्रामीण का मिला शव

✍️ भागीरथी यादव

 

पैर फिसलने से तेज बहाव में बहा था 45 वर्षीय गेंदलाल, 500 मीटर दूर झाड़ियों में मिली लाश

 

कोरबा, 20 अगस्त। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच पाली थाना क्षेत्र में खारुन नदी में बहे 45 वर्षीय ग्रामीण का शव दूसरे दिन बरामद किया गया। ग्रामीण नदी किनारे गुड़ाखू करने गया था, इसी दौरान पैर फिसलने से वह तेज बहाव में गिर गया और पानी में बह गया। करीब 500 मीटर दूर झाड़ियों में उसका शव फंसा मिला।

 

जानकारी के अनुसार ग्राम बिजराभवनारा, बतरा पंचायत निवासी गेंदलाल बुधवार सुबह खारुन नदी के किनारे गया था। पैर फिसलने से वह नदी में गिर गया। तेज बहाव के कारण वह देखते ही देखते बह गया। सूचना मिलने पर पाली पुलिस और नगर सेना की गोताखोर टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की, लेकिन नदी में तेज बहाव और भंवर होने के कारण बुधवार देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका।

 

गुरुवार सुबह परिजन और ग्रामीणों ने दोबारा नदी किनारे तलाश शुरू की। इसी दौरान घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर झाड़ियों में गेंदलाल का शव फंसा हुआ मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण खारुन नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और बहाव काफी तेज है। जिले में पिछले सात दिनों से हो रही बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।